स्वच्छता अभियान पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन
दिल्ली विश्वविद्यालय के डॉ. भीम राव अंबेडकर कॉलेज एलुमनी क्लब द्वारा स्वच्छता अभियान और डेंगू के प्रति जागरूकता विषय पर एक पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ट पोस्टर बनाने वाले विद्यार्थियों को पूर्वी दिल्ली के महापौर श्री हर्ष मल्होत्रा ने पुरस्कृत किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महापौर हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि स्वच्छता का अभियान पूरी तरह तभी सफल होगा जब हर व्यक्ति अपने-अपने स्तर पर इसमें अपनी भूमिका निभाए। उन्होंने युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए इस स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने युवा पीढ़ी को ना केवल वातावरण बल्कि अपने विचारों में भी स्वच्छता लाने की बात कही। कॉलेज प्राचार्य डॉ. जी के अरोड़ा ने इस मौके पर विद्यार्थियों को मानसिक बदलाव लाने की बात कही ताकि स्वच्छता के इस अभियान को और भी सफल बनाया जा सके। वरिष्ठ कलाकार श्री रूपचंद ने विद्यार्थियों को कला की बारिकियों से रू-ब-रू कराते हुए अर्जुन की तरह अपना लक्ष्य सामने रख ब्रश और रंगों से आकृति पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही। एलुमनी क्लब के अध्यक्ष गिरीश निशाना ने कहा कि जो बात एक हजार शब्द भी नहीं कह पाते उस बात को एक चित्र बहुत ही आसानी से बयां कर देता है। उन्होंने स्वच्छता/ डेंगू विषय पर आयोजित पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा किए गए प्रदर्शन को सराहा। क्लब की संयोजक डॉ. चित्रा रानी ने कहा कि विद्यार्थियों को इस तरह की प्रतियोगिता से उनके जीवन में भी काफी सीख मिलती है। इस प्रतियोगिता में स्वच्छता अभियान विषय पर अंबेडकर कॉलेज के विद्यार्थी हेमंत ने प्रथम स्थान, दूसरा मनीषा और तीसरा गरीमा अग्रवाल ने प्राप्त किया जबकि किरोड़ीमल कॉलेज के दुर्गेश कुमार निषाद तो सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया। स्कूली विद्यार्थियों में मदर मेरी स्कूल की काव्या और हंसराज स्मारक स्कूल के दिव्यांशजीत सिंह को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए विशेष रूप से पुरस्कृत किया गया। डेंगू के प्रति जागरूकता विषय पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में अंबेडकर कॉलेज की कविता ने प्रथम स्थान, रश्मि गौतम ने दूसरा स्थान और ज्योति तोमर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। विनय कपूर, प्रिया और लक्ष्मी को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस मौके पर पूर्वी दिल्ली के महापौर हर्ष मल्होत्रा, वरिष्ठ कलाकार रूपचंद, कॉलेज प्राचार्य डॉ. जी के अरोड़ा, एलुमनी क्लब के अध्यक्ष गिरीश निशाना, उपाघ्यक्ष चरणजीत सिंह, क्लब की संयोजक डॉ. चित्रा रानी, कार्यकारी सदस्य निहाल सिंह, कर्ण कपूर, रहीसुद्दीन रिहान, इमरान खान, विजेन्द्र बंघेल, डॉ. एसएस चावला, डॉ. बीएम दास, राजबाला गौतम आदि सहित काफी संख्या में शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद थे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें